खीरों (रायबरेली)। ग्राम सभा खीरों में जांच में विकास कार्यों में लाखों का कारनामा पकड़ में आने के बाद डीएम ने प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारों को सीज कर दिया है। गांव में विकास कार्य कराने के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी है।
खीरों प्रधान के खिलाफ डीएम के स्तर पर शिकायत होने के बाद जांच कराई गई थी। जांच में मनमानी पकड़ में आने के बाद प्रधान को कारण बताओ नोटिस देकर जवाब मांगा गया था, लेकिन प्रधान सुनीता ने ठीक जवाब नहीं दिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारों को सीज कर दिया है। खातों के संचालन के लिए कमलेश कुमार, सुरेशा बेगम और अशोक कुमार की टीम गठित कर दी है।
डीपीआरओ उपेंद्र राज सिंह ने बताया कि खीरों के प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारों को सीज करके खातों के संचालन के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है।