बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में शनिवार को लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह 6.30 बजे हसनगंज गांव के निकट जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश बहादुर सिंह की एसयूवी मवेशी को बचाने में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिस वक्त हादसा हुआ, उस समय वाहन पर जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश बहादुर सिंह व उनका पुत्र व गनर व चालक सवार थे।
गनीमत रही कि हादसे में सभी लोग बाल-बाल बच गए। हादसे में गनर की सरकारी कारबाइन क्षतिग्रस्त हो गई। गनर ने घटना की तहरीर थाने में दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश बहादुर सिंह बछरावां थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध चुरुवा हनुमान मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। उनकी एसयूवी (यूपी 33 एके 2777) जैसे ही हसनगंज गांव के पास पहुंची, तभी सड़क पर अचानक मवेशी आ गया।
जब तक ड्राइवर वाहन संभालता, एसयूवी डिवाइडर से टकराते हुए दूसरी दिशा में चली गई और पलट गई, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के वक्त जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश बहादुर सिंह तथा उनका पुत्र विभु सिंह, गनर आशीष कुमार सिंह तथा ड्राइवर सुरेश सिंह वाहन पर सवार थे।
हादसे में सभी लोग बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व आसपास के ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकाला। हादसे में गनर आशीष सिंह की कारबाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
गनर ने बछरावां थाने में हादसे की सूचना दी है। कोतवाल रविंद्र सिंह ने बताया कि सूचना पर तत्काल मौके पर पुलिस को भेजा गया दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हाईवे से हटवा दिया गया है। गनर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।