जानाबाजार (फैजाबाद)। हैदरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात चपरघटा पुल पर दुकान बंद कर घर जा रहे व्यापारी पिता-पुत्र को असलहा सटाकर बदमाशों ने 18500 रुपये लूट लिए। इस दौरान विरोध करने पर पुत्र को लुटेरों ने मारापीटा और डराने के लिए फायरिंग भी की। पीड़ित ने इस मामले में एक नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
हैदरगंज थाना क्षेत्र के खजुरीपुर गांव निवासी दुर्गा सिंह की नंसा बाजार में इलेक्ट्रिक की दुकान है। शुक्रवार को रोज की भांति शाम करीब सात बजे वह दुकान बंद कर अपने पुत्र स्वराज के साथ बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान जाना बाजार-नंसा मार्ग के बीच में स्थित चपरघटा पुल पर बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और असलहा सटाकर उनसे 18500 रुपये लूट लिए।
वहीं स्वराज के विरोध करने पर लुटेरों ने उसे मारापीटा और डराने के लिए असलहे से फायर किया। स्वराज ने बगल स्थित झाड़ी में कूद कर अपनी जान बचाई। इसके बाद लुटेरे जाना बाजार की तरफ भाग गए।
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे थाने के एसआई पंकज कुमार ने जांच-पड़ताल की और लुटेरों की तलाश में नाकाबंदी भी कराई, लेकिन लुटेरों का पता नहीं चला। थाना प्रभारी हैदरगंज रामआसरे यादव ने बताया कि पीड़ित ने भदार दहलवा निवासी एक युवक व एक अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है।