रायबरेली। रोहनियां ब्लॉक के हमीदपुर बड़ागांव में आवासों के आवंटन में मनमानी पकड़ में आई है। जांच में अपात्रों को लोहिया आवास, इंदिरा और और प्रधानमंत्री आवास दिए जाने की पुष्टि होने के बाद डीआरडीए के परियोजना निदेशक ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है।
डीएम से हुई शिकायत के बाद उप कृषि निदेशक ने हमीदपुर बड़ागांव में आवासों की जांच की थी। जांच में गड़बड़ी मिलने के बाद डीएम ने डीआरडीए के परियोजना निदेशक को विस्तृत जांच करने के आदेश दिए थे।
पीडी की जांच में पति-पत्नी को भी आवास का लाभ दिए जाने का मामला पकड़ में आ गया। पूर्व में आवास का लाभ पा चुके लोगों को भी आवास आवंटित कर दिया गया।
पीडी ने जांच में मनमानी पकड़ में आने के बाद तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी, पटल सहायक के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति कर दी है।
साथ ही अपात्रों से धनराशि की वसूली की भी संस्तुति की है। पीडी प्रेमचंद्र पटेल ने बताया कि जांच में आवासों के आवंटन में मनमानी पकड़ में आने के बाद कार्रवाई की संस्तुति कर दी गई है। मामले में सीडीओ के स्तर से कार्रवाई की जाएगी।