गंज दारानगर। घरेलू विवाद में पति की गैरहाजिरी में एक विवाहिता को सास और जेठ ने केरोसिन डालकर जलाने की कोशिश की। युवती को घायल अवस्था में बिजनौर रेफर किया गया है। ग्राम दारानगर निवासी दयाराम के पुत्र राजवीर की शादी ग्राम खारी में हुई थी। विवाहिता के परिजनों का कहना है कि कुछ समय से उसको सास सुमंतरा एवं जेठ हरिओम परेशान कर रहे थे। इसे लेकर वह काफी परेशान रहती थी। तीन बार पंचायत भी हुई थी। शनिवार को उसका पति राजवीर काम पर गया था। वह घर पर अकेली थी। उसका सास और जेठ से विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों ने उसके ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। उसकी चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने उसे किसी तरह बचाया और उसके पति को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पति ने झुलसी अवस्था में गंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उसके पिता ने सास तथा जेठ के खिलाफ गंज चौकी में तहरीर दी है। महिला को बिजनौर रेफर किया गया है ।