रेलवे में सुपरवाइजर की नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी कर ली गई। ठगों ने फर्जी जॉइनिंग लेटर भी पीड़ित युवक को दे दिया। नौकरी जॉइन करने बस्ती जिला पहुंचा तो उसे धोखाधड़ी की जानकारी हुई।
कोर्ट के आदेश पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले में कार्रवाई करने की बात कह रही है। अमेठी जिले के फुरसतगंज थाना क्षेत्र के बेतौरा निवासी सतीश कुमार ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि वह अपनी रिश्तेदारी अतरेहटा गांव गया था।
अतरेहटा का अजय कुमार मौर्या ने उसे रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर बात कही थी। रेलवे में सुुपरवाइजर पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर 8 जुलाई 2012 को अजय समेत अन्य लोगों ने उससे साढ़े तीन लाख रुपये ले लिए। इसके बाद उसे फर्जी जॉइनिंग लेटर दे दिया और कहा बस्ती जिले में जाकर नौकरी जॉइन कर लो।
पीड़ित सतीश का कहना है कि बस्ती जाने पर वहां अपने को ठगे जाने की जानकारी हुई। घटना की जानकारी पुलिस को दी, लेकिन रिपोर्ट नहीं लिखी गई। इस पर कोर्ट की शरण ली। कोतवाल रविंद्र मिश्रा का कहना है कि जब्बार खां निवासी छावनी मयूर टॉकीज के पास रेलवे कॉलोनी बांदा, अजय कुमार मौर्या उर्फ बबलू निवासी अतरेहटा महराजगंज, सिन्हा निवासी गोरखपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।