अल्ट्रासाउंड जांच के नाम पर उगाही, विरोध किया तो पीटा
रायबरेली। जिला महिला अस्पताल के अल्ट्रासाउंड सेंटर में शुक्रवार को जांच के नाम पर पैसे देने से मना करने पर कर्मचारियों ने एक युवक की पिटाई कर दी।
साथ ही पीड़ित की बहन को बिना अल्ट्रासाउंड किए ही भगा दिया। करीब एक घंटे तक हंगामा चला। पीड़ित ने सीएमएस से शिकायत की, लेकिन उन्होंने भी अनसुनी कर दी।
मामले में प्रभारी सीएमओ ने शिकायत मिलने के बाद दो सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी है। पीड़ित ने आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
शुक्रवार को ऊंचाहार क्षेत्र के ब्राह्मणों का नंदौरा निवासी राहुल अपनी पत्नी मधु व बहन पूर्णिमा का इलाज कराने जिला महिला अस्पताल आया था।
चिकित्सक ने ब्लड व अल्ट्रासाउंड जांच लिख दी। अल्ट्रासाउंड सेंटर में जांच कर रहे कर्मचारियों ने दोनों जांच के लिए 50-50 रुपये की डिमांड की।
रुपये देने का भरोसा हो जाने पर मधु की जांच तो कर दी, लेकिन बाद में रुपये न देने पर पूर्णिमा का अल्ट्रासाउंड करने से इन्कार कर दिया। जब यह बात राहुल को पता चली तो वह भड़क गया।
राहुल ने अल्ट्रासाउंड में काम कर रहे कर्मचारियों से रुपये मांगने को लेकर सवाल किया तो सभी भड़क गए और उसे बंधक बनाकर पीट दिया। बाद में बिना जांच किए भगा दिया।
पीड़ित अपनी बहन व पत्नी को लेकर सीएमएस के पास पहुंचा तो उन्होंने स्टाफ को समझा देने की बात कहकर अनसुनी कर दी। उसने सीएमओ कार्यालय पहुंचकर शिकायतीपत्र दिया।
जांच कराकर कार्रवाई के साथ ही एफआईआर की मांग की। सीएमओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसीएमओ डॉ. एके चौधरी व डॉ. रिजवान को मामले की जांच सौंपी है। टीम को तत्काल जांच करके रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं।