संदिग्ध हालात में महिला प्रधान को लगी गोली, घायल
रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक महिला प्रधान को संदिग्ध हालात में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गई। यही नहीं उसके बेटे व बहू को भी गोली के छर्रे लगे। महिला प्रधान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायरिंग कैसे हुई, इसकी वजह सामने नहीं आई है। ग्रामीणों की मानें तो परिवार में विवाद के दौरान बंदूक से गोली चलाई गई, जिससे घटना हुई। वहीं पीड़ित पक्ष का कहना है कि किसी ने प्रधान पर गोली चलाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टेकरी मजरे भखरवारा की रहने वाली चंद्रकली (55) गांव की प्रधान हैं। रात में अचानक प्रधान के घर में फायरिंग हो गई। इससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीण मौके पर पहुंचकर देखा तो चंद्रकली के पीठ व हाथ में छर्रे लगे थे, जिससे वह घायल थी। साथ ही उसके बेटे राजेंद्र व बहू को भी छर्रे लगे थे। सूचना पर एसओ ओम प्रकाश पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। पुलिस को जानकारी दी गई कि महिला प्रधान घर के सामने बैठी थी। इसी दौरान फायरिंग की गई। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि घर पर विवाद हुआ था। इसी दौरान बंदूक से फायरिंग की गई, जिससे यह घटना हुई। घायल प्रधान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉ. शिवकुमार ने उसका इलाज किया। एसओ का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।