सड़क हादसों में महिला की मौत, पांच घायल
महराजगंज-शिवगढ़। सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के संतोषपुर मजरे जनई गांव निवासी संतोष कुमार (20), सर्वेश (18) बाइक से किसी कार्य से महाराजगंज आ रहे थे।
चंदापुर के निकट एक पुलिया से टकराकर दोनों घायल हो गए। दोनों घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इसी तरह पूरे रानी मजरे अतरेहटा गांव निवासी अमृतलाल (35), रामकुमार (30), विनोद (20) एक बाइक से घर लौट रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
इससे तीनों बाइक सवार घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को जिला चिकित्सालय भेज दिया।
उधर, शिवगढ़ थाना क्षेत्र के पिडोली गांव में एक ट्रैक्टर खेत की जुताई करने जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे बैठी रुक्मिणी (40) के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ गया।
परिवारीजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। ट्रैक्टर रिटायर लेखपाल फूलचंद्र का बताया जा रहा है। एसओ लालचंद सरोज ने बताया कि मृतका की बेटी उर्मिला पत्नी नवमीलाल की तहरीर पर हादसे की जांच की जा रही है।