गुरुजी के कोपभाजन का शिकार हुआ कक्षा नौ का छात्र
रायबरेली। तिलोई तहसील क्षेत्र में कक्षा नौ का एक छात्र गुरुजी के कोपभाजन का शिकार हो गया। शिक्षक ने उसे हाथ और फिरडंडे से छात्र की बेरहमी से पिटाई की। पिटाई से छात्र के चेहरे, गाल, कान व पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। हद तो तब हो गई, जब पीड़ित परिवार शिकायत लेकर कॉलेज पहुंचा तो उसकी बात सुनने के बजाय उसे भगा दिया गया। इसके बाद पीड़ित परिवार थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
खानापुर चपरा निवासी उदयभान सिंह का पुत्र आभाष सिंह मोहनगंज थाना क्षेत्र के शंकरगंज स्थित साईं इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र है। मंगलवार को स्कूल पढ़ने गया था। छात्र का आरोप है कि वह स्कूल के बाहर खड़ा था। इसी दौरान कॉलेज के एक शिक्षक आए और बिना कुछ बोले मारना पीटना शुरू कर दिया। पहले हाथ से पीटा और फिर डंडे से पिटाई की। पिटाई से उसे गंभीर चोटें आई। छात्र ने घर पहुंचकर परिवारीजनोें को घटना की सूचना दी। इस पर बुधवार को छात्र केपिता ने कॉलेज पहुंचकर मारपीट किए जाने का कारण जानना चाहा, लेकिन उसे कर्मियों ने भगा दिया।
थक हार कर अभिभावक ने मोहनगंज थाने की शरण ली, जहां से उसे यह कहकर टरका दिया गया कि मामला शंकरगंज चौकी का है, वहीं जाकर अपनी रिपोर्ट लिखवाइए। पीड़ित जब अपनी फरियाद लेकर चौकी पहुंचा तो वहां उससे तहरीर लेकर चलता कर दिया गया। मामले में जब चौकी इंचार्ज शंकरगंज लक्ष्मी कांत सोनकर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला जानकारी में है। जांच के बाद कार्रवाई होगी। उधर आरोपी शिक्षक शिव कुमार सिंह का कहना है कि छात्र अनुशासनहीनता कर रहा था। इस वजह से हल्के से एक-दो थप्पड़ मार दिए थे। जिस तरह मामले को उछाला जा रहा है, वैसा कुछ भी नहीं है। उधर, कॉलेज के प्रधानाचार्य अजय पाल श्रीवास्तव का कहना है कि किसी भी छात्र की पिटाई नहीं की गई है।
खंड शिक्षा अधिकारी तिलोई केपी शुक्ला का कहना है कि साईं इंटर कॉलेज में कक्षा नौ के छात्र की पिटाई का मामला जानकारी में नहीं है। यदि छात्र की पिटाई की गई है तो इसकी बाकायदा जांच कराई जाएगी और मामला सही मिलने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।