रायबरेली। डेंगू, जापानी इंसेफ्लाइटिस (जेई) व अन्य गंभीर बीमारी से पीड़ित मासूमों को अब जिले स्तर पर ही बेहतर इलाज मिल सकेगा।
बुधवार को न्यायालय शुल्क, पंजीयन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री व जिले के प्रभारी नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने जिला अस्पताल स्थित पीडियाट्रिक यूनिट का लोकार्पण किया।
इसके अलावा पांच राजकीय मॉडल इंटर कॉलेजों का भी तोहफा दिया। पशु चिकित्सालय में प्रयोगशाला से अब पशुओं का बेहतर इलाज हो सकेगा।
मंत्री ने 25 करोड़ के भवनों व 97 करोड़ की विभिन्न योजनाओं के करीब 600 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र व लाभार्थीपत्र वितरित किए।
प्रभारी मंत्री ने सबसे पहले कलेक्ट्रेट पहुंचकर संयुक्त कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद निरीक्षण किया। उन्होंने डीएम संजय कुमार खत्री से संयुक्त कार्यालय के संबंध में जानकारी ली।
इसके बाद एफजी कॉलेज स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने 25 करोड़ से अधिक की लागत के कार्यों का लोकार्पण किया।
प्रभारी मंत्री ने शिवगढ़ में 8.06 करोड़ के आईटीआई कॉलेज भवन, आरडीए में तीन करोड़ के द्वितीय तल पर निर्मित कार्यालय परिसर एवं फायर फाइटिंग के कार्य, 69.39 लाख से जिला अस्पताल में बने 10 बेड के पीडियाट्रिक आईसीयू का लोकार्पण किया।
इसके अलावा करीब 13 करोड़ के लागत से राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज गोविंदपुर डलमऊ, हरीपुर निहस्था खीरों, बसाढ़ राही, पाराकला महराजगंज, कुवरमऊ छतोह का भी लोकार्पण किया।
सदर पशु चिकित्सालय में 35.73 लाख से निर्मित रोग निदान प्रयोगशाला, ऊंचाहार में 22.62 लाख से मियापुर होते हुए रामसांडा ग्राम तक खडंजा मार्ग का लोकार्पण किया।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 200 लाभार्थियों को 24 करोड़ तथा प्रधानमंत्री आवास शहरी के 50 लाभार्थियों को 1.25 करोड़ के स्वीकृति पत्र वितरित किए।
एनटीपीसी के 14 मृतक के परिवारीजनों व लाभार्थियों को 28 लाख, एनटीपीसी के 16 घायल लाभार्थियों को 16 लाख का चेक बांटा।
मुद्रा योजनाओं के 302 लाभार्थियों को 6.25 करोड़, निर्माण कार्यों का लोकार्पण 24.20 करोड़, स्वयं सहायता समूह 15 समूह को 20 लाख एवं लघु उद्योग के लिए तीन लाभार्थियों को 56 लाख से लाभान्वित किया।
इसी प्रकार 57.00 करोड़ रुपये के स्वीकृति पत्र, चेक, लोन आदि प्रदान किया। इस मौके पर डीएम संजय कुमार खत्री, एसपी सुजाता सिंह, विधायक बछरावां रामनरेश रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव पाल, विधायक दल बहादुर कौरी, धीरेंद्र सिंह, आदि मौजूद रहे।