रायबरेली। डीएम संजय कुमार खत्री ने गुरुवार को बचत भवन में अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कर-करेत्तर व राजस्व वसूली के कार्यों में रुचि लेकर लक्ष्य के अनुरूप राजस्व में वृद्धि लाने के आदेश दिए।
शासन मंशा के अनुरूप वसूली कम होने व कार्यो के संबंध में आधी-अधूरी जानकारी होने पर डीएम ने खनन अधिकारी सुरेंद्र सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि व नगर पंचायतों बछरावां, डलमऊ, लालगंज, महराजगंज, ऊंचाहार के अधिशाषी अधिकारियों को चेतावनी दी।
बैठक में डीएम ने काम मानक के अनुरूप न होने पर मंडी समिति के सचिव बछरावां व लालगंज को नोटिस देकर स्पष्टीकरण लेने के आदेश एडीएम (वित्त एवं राजस्व) को दिए।
सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस एवं तहसील दिवसों के प्रकरणों के निस्तारण को गंभीरता से लेकर निस्तारण करें। इस मौके पर एडीएम डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, एडीएम राम अभिलाष, नगर मजिस्ट्रेट चंद्र प्रकाश पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।