शिक्षामित्र के भाई ने स्कूल में घुसकर प्रधानाध्यापक को पीटा
तिलोई (रायबरेली)। अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को प्राथमिक स्कूल उतरपारा के अंदर घुसकर शिक्षामित्र के भाई ने प्रधानाध्यापक संतोष कुमार शुक्ला की पिटाई कर दी। प्रधानाध्यापक ने प्रकरण की शिकायत संपूर्ण समाधान दिवस में की और आरोप लगाया कि महिला शिक्षामित्र मनचाहे टाइम से स्कूल आती जाती थी। इसका विरोध करने पर भाई से हमला कराया गया है। एसडीएम तिलोई डॉ. अशोक शुक्ला का कहना है कि मामला गंभीर है। प्रधानाध्यापक की ओर से मारपीट की शिकायत की गई है। जांच कराई जा रही है। दोषी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
तिलोई तहसील क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय उतरपारा के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार शुक्ला ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतीपत्र देकर आरोप लगाया कि शिक्षामित्र का भाई अमिताभ सिंह मंगलवार को स्कूल आया। उसने क्लास में घुसकर कहा कि कितने बच्चे स्कूल में मौजूद हैं और नामांकन संख्या क्या है। जब तक यह जानकारी दी जाती, तब तक शिक्षामित्र के भाई ने उन पर हमला बोल दिया। गाली गलौज करते हुए मारपीट की। पीड़ित प्रधानाध्यापक का आरोप है कि शिक्षामित्र का विद्यालय आने-जाने का कोई समय नहीं है। उपस्थित पंजिका पर जबरदस्ती हस्ताक्षर कर देना महिला शिक्षामित्र की आदत बन गयी है, जिससे विद्यालय का पठन-पाठन का कार्य एवं विद्यालय में अनुशासन का माहौल खराब रहता है। इस प्रकरण की जानकारी पहले भी खंड शिक्षा अधिकारी तिलोई को लिखित रूप से दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उधर, शिक्षामित्र सीमा का कहना है कि प्रधानाध्यापक अभद्र बातें करने के साथ वैसा ही व्यवहार करते हैं, जिसकी लिखित एवं मौखिक सूचना खंड शिक्षा अधिकारी तिलोई को दी है। वे समय से स्कूल पहुंचती हैं। उनके भाई द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप झूठा है।
प्राथमिक स्कूल के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार शुक्ला की ओर से शिक्षामित्र सीमा सिंह के भाई अमिताभ सिंह पर मारपीट का आरोप लगाया है। यह मामला उनके संज्ञान में आया है। प्रकरण की जांच जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमेठी करेंगे। फिलहाल प्राथमिक विद्यालय उतरपारा से शिक्षामित्र को हटाकर तिलोई प्राथमिक विद्यालय से अटैच कर दिया गया है।-केपी शुक्ला, खंड शिक्षा अधिकारी तिलोई