चेन छीनने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार
क्रासर
- पुलिस ने मधुबन क्रॉसिंग के पास से दबोचा, तीन चेन बरामद
रायबरेली। सदर कोतवाली क्षेत्र में महिलाओं का चैन छीनने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की मानें तो ये शातिर किस्म के चेन स्नैचर हैं, जिनके पास से लूटी गई तीन चेन बरामद की गई हैं। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए लुटेरों की पूछताछ में चेन स्नैचिंग की तीन वारदातों का खुलासा हुआ है।
सीओ सदर शेषमणि उपाध्याय ने पुलिस कार्यालय में पकड़े गए लुटेरों की जानकारी मीडिया को दी। सीओ ने बताया कि सदर कोतवाल अशोक त्रिपाठी, वरिष्ठ उप निरीक्षक राकेश सिंह ने टीम के साथ मधुबन क्रॉसिंग के पास से तीन बदमाशों दिलशाद उर्फ आशू निवासी कांसीराम कॉलोनी, राजेंद्र प्रसाद सोनी निवासी सर्वोदय नगर थाना मिल एरिया और मो.फारुख उर्फ मोनी निवासी छोटी बाजार सदर कोतवाली को गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने 12 अगस्त 2017 को जेल रोड पर पूनम पत्नी रमेश कुमार से चेन लूट ली थी। 15 अगस्त 2017 को संदीप मुरारका की मामी किरण मुरारका से बेलीगंज के पास चेन लूट ली गई थी। बस स्टेशन के पास से ममता त्रिपाठी पत्नी शिवेश मणि त्रिपाठी से चेन लूट ली थी। इनके पास से लूटी गई चेनें बरामद कर ली गई हैं।