ऊंचाहार (रायबरेली)। एसटीएफ और ऊंचाहार कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात एक पूर्व प्रधान व उसके साथी की हत्या की साजिश को विफल कर दिया। एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस की मदद से एक लाख के इनामी बदमाश और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी सुपारी लेकर घटना को अंजाम देेने की फिराक में घूम रहे थे। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
एसटीएफ टीम के प्रभारी निरीक्षक केशवचंद्र राय, उपनिरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय और ऊंचाहार कोतवाल विनोद सिंह को मुखबिर ने बुधवार रात ऊंचाहार क्षेत्र में रामचंद्रपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास दो बदमाशों के छिपे होने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर छापा मारा, जहां से एक लाख के इनामी बदमाश प्रशांत उर्फ गुड्डू निवासी भारतगढ़ थाना संग्रामगढ़ जिला प्रतापगढ़ व उसके साथी सुरेश सिंह उर्फ मुन्ना सिंह निवासी साहबगंज सलोन रायबरेली को गिरफ्तार किया। इन दोनों के पास से 820 रुपये के अलावा एक पिस्टल, एक तमंचा, छह कारतूस, दो मोबाइल बरामद हुए।
एसटीएफ टीम के प्रभारी ने बताया कि रामचंद्रपुर गांव निवासी व पूर्व प्रधान दिलीप कुमार तिवारी उर्फ लाल तिवारी का गांव के ही देवतादीन से पंचायत चुनाव के दौरान विवाद हो गया था। विवाद के बाद देवतादीन के बेटे आयुष की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।
देवतादीन बेटे की मौत को दुर्घटना नहीं, बल्कि पूर्व प्रधान पर साजिश से हत्या करने का शक था। बदला लेने के लिए पूर्व प्रधान व उसके साथी यूनुस अली की हत्या की सुपारी सुरेश सिंह को दी। उसने एडवांस में दो लाख रुपये भी दिए थे।
बदमाश कई दिन से पूर्व प्रधान की रेकी कर रहे थे, लेकिन इसके पहले ही पुलिस को कामयाबी मिल गई और दोनो एसटीएफ के हत्थे चढ़ गये। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए प्रशांत उर्फ गुड्डू की गिरफ्तारी पर एक लाख का इनाम घोषित है। पुलिस को इसकी काफी समय से तलाश थी। दोनों को जेल भेज दिया गया है। मामले की पड़ताल की जा रही है।