रायबरेली। जिले में कोरोना का कहर रविवार को कुछ हद तक थमा रहा। महज 21 लोग ही संक्रमित मिले। जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 732 हो गई। पहले से संक्रमित 115 लोगों ने कोरोना को मात दे दी। स्वस्थ होने के बाद मरीजों को होम आइसोलेशन से डिस्चार्ज कर दिया गया।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिलेभर में 1912 लोगों की कोरोना की जांच की।
जांच में 21 लोग संक्रमित पाए गए। मरीजों को होम आइसोलेट कराकर दवा की किट घर भेजवाई गई है। पहले से संक्रमित 115 मरीज स्वस्थ हो गए हैं।
जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 732 हो गई है। जिले में कोरोना का संक्रमण थम रहा है, लेकिन लोग एहतियात बरतें और मास्क लगाने के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करे।
छुट्टी के दिन भी लगे 10,534 लोगों को टीके
जिले में रविवार को छुट्टी के दिन भी 10,534 लोगों को टीके लगाए गए। किशोर-किशोरियों के साथ ही 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को प्रथम और द्वितीय डोज के टीके लगाए गए। चुनाव में ड्यूटी लगने के बाद बूस्टर टीका लगवाने के लिए भी कर्मचारियों ने सेंटर पर पहुंचकर टीका लगवाया।