रायबरेली। जिले में पांचवें दिन बाद भी लगातार कोरोना संक्रमित एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है, जबकि पहले से संक्रमित 18 मरीज स्वस्थ हो गए। 4441 लोगों की जांच में मात्र 10 लोगों की रिपोर्ट ही पॉजिटिव आई है। 141 एक्टिव मरीजों में 39 मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि जिले में कोरोना का संक्रमण काफी थम गया है। बुधवार को पांचवे दिन भी एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है, जबकि रेल कोच के एल-2 में छह, एम्स के एल-3 अस्पताल में तीन मरीजों का इलाज चल रहा है।
जिले में अलग-अलग टीमों ने पहुंचकर 4441 लोगों की कोरोना की जांच की, जिसमें मात्र 10 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पहले से कोरोना संक्रमित 18 मरीज स्वस्थ हो गए। उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि वे घर से जब भी निकले, चेहरे पर मास्क जरूर लगाएं।