रायबरेली। कोरोना के संक्रमण ने सोमवार को दोहरा शतक लगा दिया। एक दिन में 201 लोगों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आ गई। जिला अस्पताल के सर्जन डॉ. प्रदीप अग्रवाल, हड्डी रोग विशेषज्ञ प्रवीण पाल, महराजगंज सीएचसी की डॉ. रंजना, ऊंचाहार सीएचसी के क्लर्क व ट्रेनी फार्मासिस्ट सहित 20 से अधिक स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित हो गए। जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 882 हो गई है। 52 मरीजों ने कोरोना से जंग जीत ली। मरीजों को होम आइसोलेशन से डिस्चार्ज कर दिया गया है। नए मरीजों को होम आइसोलेट कराकर उनके घर में दवा की किटें पहुंचाई गईं।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में लोग मास्क के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। पहले से कोरोना संक्रमित 52 लोग सोमवार को स्वस्थ हो गए। कई डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मचारी संक्रमित हो गए हैं। जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या बढक़र 882 हो गई है। सोमवार को नए मिले मरीजों को होम आइसोलेट कराकर टीमों के माध्यम से दवा किटें घर तक पहुंचाई गई हैं। शहर के सत्य नगर, राजकीय कॉलोनी, अमर नगर, निराला नगर, इंदिरा नगर, प्रभूटाउन, मलिकमऊ, नेहरू नगर, रतापुर, आनंद नगर में संक्रमित मरीज मिले हैं। 80 प्रतिशत मरीज ग्रामीण क्षेत्रों में मिले हैं। सोमवार को अलग-अलग टीमों ने 4231 लोगों की जांच की।
ऊंचाहार प्रतिनिधि के अनुसार, सोमवार को सीएचसी में 100 लोगों की एंटीजन जांच की गई। इसमें सीएचसी के क्लर्क व ट्रेनी फार्मासिस्ट सहित पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि क्लर्क सहित पांच लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार, सोमवार को क्षेत्र में दो लोग संक्रमित मिले। अधीक्षक डॉ. राधाकृष्णन ने बताया कि दोनों मरीजों को होम आइसोलेट कराकर दवा किट पहुंचाई गई है।
जिला समन्वयक की दूसरी रिपोर्ट पॉजिटिव, घर से कर रहे काम
एनएचएम के जिला शहरी समन्वयक विनय पांडेय की कोरोना की आरटीपीसीआर रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई है। बीती पांच जनवरी को एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई थी। उन्हें लगातार होम आइसोलेशन पर रखा गया है। उनका कहना है कि फोन के माध्यम से शहर में शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए काम कर रहे हैं। साथ ही उच्चाधिकारियों के समन्वय स्थापित करके शहर में निर्देशों का अनुपालन कराया जा रहा है।
जनपद न्यायालय में जरूरी मामलों में वादकारियों को प्रवेश
इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने कोरोना महामारी को दृष्टिगत रखते हुए जिला न्यायालयों की कार्य प्रणाली के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए है। न्यायालयों में केवल अति आवश्यक कार्य से संबंधित वादकारी ही जिला न्यायालय परिसर में प्रवेश कर सकेंगे। अति आवश्यक मामलों में भी आने वाले वादकारियों का प्रवेश बिना मास्क के नहीं होगा। जनपद न्यायालय में अति आवश्यक मामलों, कार्य से संबंधित वादकारियों को ही सोमवार को न्यायालय परिसर में प्रवेश दिया गया।
इन नंबरों पर कोरोना मरीज ले सकते हैं चिकित्सीय सलाह
कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल में अलग सेल स्थापित किया गया है। डॉक्टरों के नंबरों पर कॉल करके कोई भी चिकित्सीय सलाह ले सकता है। कंट्रोल रूम के प्रभारी डॉ. एसके पांडेय ने बताया कि सुबह आठ बजे से अपराह्न दो बजे तक डॉ. पंकज तिवारी के मोबाइल नंबर 8563037090 और डॉ. अखिलेश कुमारी के मोबाइल नंबर 7985703110, दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक डॉ. अभय मिश्रा के मोबाइल नंबर 8009663733 और डॉ. निशा वर्मा के मोबाइल नंबर 9519617727, रात 10 बजे से अगले दिन सुबह आठ बजे तक डॉ. शिवम शुक्ला के मोबाइल नंबर 9670473399 व डॉ. ऋषी सिंह के मोबाइल नंबर 8960440969 पर फोन करके चिकित्सीय सलाह ली व्यवस्था की गई है।
कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। लोग एहतियात बरतें। मास्क के प्रयोग के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का शत-प्रतिशत पालन करें। संक्रमित नए मरीजों को होम आइसोलेट कराकर दवा किट उपलब्ध कराई गई है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है। -डॉ. वीरेंद्र सिंह, सीएमओ