ऊंचाहार (रायबरेली)। नसबंदी के बाद महिलाओं को जमीन पर ही गद्दे बिछा कर रखने के मामले को सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने गंभीरता से लिया है।
मामले में सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोज शुक्ला से जवाब-तलब किया है। इससे सीएचसी में हड़कंप मच गया। अमर उजाला ने सीएचसी में बरती गई इस लापरवाही को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
ऊंचाहार सीएचसी में मंगलवार को 24 महिलाओं की नसबंदी की गई। नसबंदी के बाद सभी महिलाओं को वार्ड में बेड पर न लिटाकर जमीन पर बिछाई गई दरी पर ही लिटा दिया गया था।
मामले को लेकर अमर उजाला ने बुधवार के अंक में नसबंदी के बाद जमीन पर डाल दिया शीर्षक से खबर प्रकाशित की। मामले में सीएमओ ने गंभीर रुख अपनाते हुए ऊंचाहार के सीएचसी अधीक्षक से जवाब मांगा है।
सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में अधीक्षक से जवाब मांगा गया है। जिसके स्तर से लापरवाही की गई है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।