रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा विभाग में समग्र शिक्षा के अंतर्गत पीएमश्री के रूप में चार राजकीय कॉलेजों के 40-40 बच्चे उत्तर प्रदेश के बाहर यानी दूसरे राज्यों में शैक्षिक भ्रमण के लिए जाएंगे। इन बच्चों को पांच दिवसीय भ्रमण के लिए उत्तराखंड, दिल्ली, गुजरात, मध्य प्रदेश समेत अन्य प्रांतों पर जाने का अवसर मिलेगा। प्रत्येक बच्चे पर 20 हजार रुपये खर्च किए जा सकेंगे। इसके लिए चारों स्कूलों को आठ-आठ लाख रुपये भेज दिए जाएंगे।
पीएमश्री के रूप में माध्यमिक शिक्षा विभाग के चार विद्यालय चयनित हैं, जिनमें शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज के साथ ही बछरावां का राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और डीह का राजकीय इंटर कॉलेज शामिल है। प्रत्येक विद्यालय से कक्षा 9 से 12 तक के 40 बच्चे चयनित किए जाएंगे। यानी कि चारों विद्यालयों से 160 बच्चों को दूसरे प्रांतों में शैक्षिक भ्रमण करने का अवसर दिया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने चारों विद्यालयों को आठ-आठ लाख रुपये भेज दिए हैं, ताकि जल्दी ही शैक्षिक भ्रमण कराया जा सके। डीआईओएस ने आवंटित धनराशि का समय से व्यय कर 31 जनवरी तक उपभोग प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।
जिला स्तरीय समिति को करना है बच्चों का चयन
शैक्षिक भ्रमण के लिए जिन बच्चों को जाना है, उनका चयन जिला स्तरीय समिति करेगी। चार सदस्यीय समिति में डीआईओएस और सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी के साथ पीएमश्री जीजीआईसी एवं जीआईसी से वरिष्ठ प्रधानाचार्य शामिल रहेंगे। प्रत्येक दल में विद्यालय के प्रधानाचार्य या शिक्षक विजिट प्रभारी और सह प्रभारी नामित किए जाएंगे, जो दल के साथ जाएंगे। दल में छात्राओं के शामिल होने की दशा में प्रभारी या सह प्रभारी के रूप में एक महिला जरूर रहेगी। समग्र शिक्षा-माध्यमिक के जिला समन्वयक इरफान अहमद ने बताया कि यह शैक्षिक भ्रमण पिकनिक स्पॉट, किला या उद्यान में नहीं होगा, बल्कि दूसरे प्रांतों के उच्च संस्थानों का भ्रमण कराएंगे। विभिन्न प्रदेशों के संस्थानों की सूची भी उपलब्ध करा दी गई है।