ऊंचाहार सीएचसी में हादसे में घायल बालक।
ऊंचाहार। जिले की प्रतापगढ़ सीमा पर लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर सबीसपुर गांव के पास सोमवार दोपहर बेकाबू कार पुलिया से टकराने के बाद खड्ड में चली गई। इससे कार सवार रिटायर कर्मचारी व उनके पोते की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी, बेटे समेत पांच लोग घायल हो गए। चालक को झपकी आने से हादसा हुआ। घायलों को सीएचसी के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
प्रयागराज जिले के सिसवा निवासी रवि कुमार परिवार के साथ लखनऊ के इंदिरा नगर सेक्टर-10 में रहते हैं। दोपहर करीब एक बजे वह कार से अपने पिता हरीलाल (62), मां राजकेसरी (52), पत्नी प्रतिमा (32), बेटा आस्तिक (2), भतीजे सक्षम (12) व भीम कुमार (6) को लेकर सिसवा से लखनऊ जा रहे थे। गाड़ी रवि चला रहे थे। सबीसपुर गांव के पास रवि को झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराकर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरी। सभी लोग कार में ही फंस गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पीआरवी पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला और सीएचसी पहुंचाया गया, जहां हरीलाल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हरीलाल हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड में नौकरी करते थे। कुछ साल पहले ही रिटायर हुए थे। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। वहां आस्तिक की मौत हो गई। ऊंचाहार कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश राय ने बताया कि प्रतापगढ़ में यह घटना हुई है। चालक को झपकी आने से दुर्घटना होने का पता चला है।