रायबरेली। उत्तर प्रदेश स्थानीय ग्रामीण निकास समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की टीम आठ जुलाई को रायबरेली पहुंचेगी। यह टीम जिले में रात्रि विश्राम कर विभिन्न गांवों का भ्रमण करेगी। इस दौरे का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पिछड़ा वर्ग से संबंधित जानकारी एकत्र करना है। जिलाधिकारी ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को दौरे की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति राम औतार सिंह हैं।
टीम में सेवानिवृत्त जिला जज ब्रजेश कुमार, सेवानिवृत्त अपर जिला जज संतोष कुमार विश्वकर्मा, सेवानिवृत्त आईएएस अरविंद कुमार चौरसिया और एसपी सिंह शामिल हैं। ये सभी सदस्य आठ जुलाई की सुबह रायबरेली पहुंचेंगे। डीपीआरओ विनय कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ और एडीओ को पत्र जारी किया है। उन्हें गांवों की जनसंख्या, आरक्षित वर्ग की जनसंख्या और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति व पिछड़ा वर्ग की रिपोर्ट तैयार रखने को कहा गया है।
आयोग के सदस्य ब्लॉक प्रमुखों, जिला पंचायत सदस्यों और पांच-पांच क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। आयोग का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पिछड़ा वर्ग की स्थिति का आकलन करना है। इसके लिए गांवों की जनसंख्या के आंकड़े जुटाए जाएंगे और विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। यह टीम नौ जुलाई की सुबह अमेठी जिले के लिए रवाना होगी।