सदर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार की देर शाम डीएम आवास के पास भारीभरकम पेड़ गिरने से मिनी ट्रक और एक बस क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं रोड पर आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है।
इसके चलते लोगों को जिला अस्पताल पहुंचने के लिए घूमकर जाना पड़ रहा है। जिला अस्पताल चौराहा से डीएम आवास को जाने वाली रोड पर शाम को नीम का एक पेड़ अचानक गिर गया।
पेड़ पहले से खड़े मिनी ट्रक और खाली बस पर गिरा। कैनाल रोड और पुलिस लाइन से जिला अस्पताल और सुपर मार्केट जाने के लिए लोग इसी रास्ते का इस्तेमाल करते थे, लेकिन पेड़ गिरने से इन लोगों को बस स्टेशन होकर जाना पड़ रहा है।
गनीमत रही कि पेड़ बिजली के तारों पर नहीं गिरा, वरना तार टूटने से कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। देर शाम समाचार भेजे जाने तक पेड़ नहीं हटा था और आवागमन बहाल नहीं हो सका था।