रायबरेली। आचार संहिता लगने से लोक निर्माण विभाग की 13 सड़कों और एक पुल के निर्माण पर ब्रेक लग गया है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को इन्हीं बदहाल मार्गों से होकर जाना पड़ेगा। इसके साथ ही चुनाव कराने वाले अधिकारी व जवान भी इन्हीं मार्गों से हिचकोले खाते हुए मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगे। इन सड़कों व पुल का निर्माण लोक निर्माण विभाग कराना है। ये सड़कें करीब 150 मतदान केंद्रों को जोड़ती हैं।
एक लाख से वोटर मतदान करेंगे। वैसे तो लोक निर्माण विभाग की ओर से इन सड़कों की नवीनीकरण, विशेष मरम्मत के अलावा सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण कराने के लिए संस्तुति कई महीने पहले उच्चाधिकारियों को भेजी गई थी, लेकिन जनवरी 2022 में इनकी संस्तुति शासन से मिल पाई।
लोक निर्माण विभाग सड़कों पर काम शुरू कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी करता, लेकिन तब तक आचार संहिता लग गई। इस वजह से इन कार्यों पर ब्रेक लग गया।
13 सड़कों और पुल के निर्माण पर करीब 35 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उधर, लोक निर्माण खंड द्वितीय का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे लोक निर्माण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता सुभाषचंद्र ने बताया कि दोनों खंड की 13 सड़कों और एक पुल का निर्माण करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से होना है।
आचार संहिता लगने के कारण टेंडर प्रक्रिया नहीं कराई गई। चुनाव बाद ही इन सड़कों का काम शुरू कराया जाएगा।
इन सड़कों के कार्य पर लगी रोक
ऐहार-सुल्तानपुरखेड़ा मार्ग से बैसन का पुरवा संपर्क मार्ग का विशेष मरम्मत।
दाऊदपुर से सई नदी पुल तक संपर्क मार्ग का नवीनीकरण।
लोहरामऊ से सरालपुर तक सीसी मार्ग का निर्माण।
टिकवामऊ मेडौली के किलोमीटर छह से गनेशपुर वाया सैनी संपर्क मार्ग का निर्माण।
जगतपुर-सलोन मार्ग के किलोमीटर 32 से 44 तक चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण
बारा संपर्क का विशेष मरम्मत।
कंधरपुर से सरांय लखमी संपर्क का विशेष मरम्मत।
केदरवापुर टेकरी संपर्क मार्ग का नवीनीकरण।
मटका से बरगदहा संपर्क मार्ग का नवीनीकरण।
पूरे बैशन संपर्क के किलोमीटर दो से राहू का पुरवा संपर्क मार्ग का नवीनीकरण।
अहिरन का पुरवा-अलीनगर असकरन संपर्क मार्ग का नवीनीकरण।
करसेनी से अरखा मुस्तकिल संपर्क।
डलमऊ-जगतपुर-सलोन मार्ग से परशुराम ठेकहाई संपर्क का मार्ग निर्माण।
बरगदहा संपर्क मार्ग के किलोमीटर दो पर बरसाती नाले पर पुल का निर्माण।
प्रांतीय खंड के एक्सईएन को नहीं है जानकारी
13 सड़कें और पुल लोक निर्माण विभाग खंड प्रथम और द्वितीय की है। इसी तरह प्रांतीय खंड में भी कई सड़कों के कार्यों पर ब्रेक लगा है, लेकिन इस खंड से संबंधित अधिशासी अभियंता डीके कुरील ने जानकारी देने से इंकार किया। उन्होंने बताया कि हमारे खंड में कितनी सड़कों का काम आचार संहिता के चलते रुका है। इसकी जानकारी नहीं है।