रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं गुरुवार को शुरू हो गई। बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने के पहले दिन होने से काफी अव्यवस्थाएं दिखीं। दो पालियों में हुई इस परीक्षा में कहीं कक्ष निरीक्षकों का टोटा रहा तो कहीं स्टेटिक मजिस्ट्रेट ही नहीं पहुंचे।
प्रश्नपत्रों की सुरक्षा पर खास ध्यान रखा गया। एक जगह पेपर कम मिलने की शिकायत भी आई। हालांकि उपस्थिति कम होने की वजह से पेपर कम होने का प्रभाव नहीं पड़ा। देर से वाहन मिलने के कारण सचल दलों को भी फर्राटा भरने में विलंब हुआ।
जिले में 103 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कक्ष निरीक्षकों की दिक्कत रही। जीआईसी डीह में 30 कक्ष निरीक्षक मांगे गए थे, जिनमें से 22 कक्ष निरीक्षक पहुंचे।
बरखंडी विद्यापीठ में 38 कक्ष निरीक्षकों की जरूरत थी, लेकिन 35 कक्ष निरीक्षक उपस्थित हुए। राणा बेनी माधव सिंह स्मारक इंटर कॉलेज, शंकरपुर में 52 कक्ष निरीक्षकों की जरूरत थी। पहली पाली में आठ तो दूसरी पाली में पांच कक्ष निरीक्षक अनुपस्थित रहे।
सावित्री समाजवादी इंटर कॉलेज, छतोह में कई कमरों में एक-एक कक्ष निरीक्षक लगाए जाने की बात सामने आई है। इसी तरह अन्य परीक्षा केंद्रों में भी कक्ष निरीक्षकों की कमी रही। छापामारी के लिए सात सचल दस्ते बनाए गए हैं, जिनके लिए वाहनों की व्यवस्था देर से हुई।
पांच दल तो 8 बजे से पहले रवाना हो गए, लेकिन दो दलों को 8.30 बजे के बाद फर्राटा भरना पड़ा। कुछ ऐसी ही दिक्कत भ्रमण करने वाले अफसरों के सामने भी आई।
परशदेपुर प्रतिनिधि के मुताबिक ज्ञान भारती इंटर कॉलेज, परशदेपुर में पहली पाली में स्टेटिक मजिस्ट्रेट के न पहुंचने पर केंद्र व्यवस्थापक की निगरानी में पेपर खोला गया। यहां 372 में 310 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। केंद्र व्यवस्थापक राजेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि स्टेटिक मजिस्ट्रेट नहीं आए थे।
परीक्षा समय से शुरू करा दी गई थी। सावित्री समाजवादी इंटर कॉलेज, छतोह में 440 में 389 ने परीक्षा दी। तीन बंडल में 450 पेपर होने चाहिए थे, लेकिन 449 ही पेपर मिले। केंद्र व्यवस्थापक दीपिका ने बताया कि प्रश्नपत्र का पैकेट खोला गया तो एक पेपर कम था।
ऊंचाहार प्रतिनिधि के मुताबिक पं. जगदीश प्रसाद इंटर कॉलेज, लक्ष्मीगंज में हाईस्कूल के 13 व इंटर के सात परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्र पर 24 निरीक्षकों की जरूरत थी, लेकिन 12 कक्ष निरीक्षक पहुंचे। दूसरी पाली में भी कक्ष निरीक्षक की कमी रही। जवाहर इंटर कॉलेज अरखा और हरनारायण इंटर कॉलेज में दूसरी पाली में पांच-पांच कक्ष निरीक्षक नहीं आए। ये सभी बेसिक शिक्षक बताए गए हैं।
हर केंद्र पर रही परीक्षार्थियों की अनुपस्थिति
जिले का कोई ऐसा परीक्षा केंद्र नहीं रहा, जहां परीक्षार्थियों की अनुपस्थिति न हो। हर केंद्र में कई परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से कराई गई। डीह प्रतिनिधि के मुताबिक जीआईसी डीह में एसडीएम ने निरीक्षण किया। पहली पाली में 36 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
हरचंदपुर प्रतिनिधि के मुताबिक जनपद इंटर कॉलेज में केंद्र व्यवस्थापक राकेश बाबू ने बताया कि पहली पाली में हाईस्कूल के 22 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जगतपुर प्रतिनिधि के मुताबिक इंटर कॉलेज, शंकरपुर में हाईस्कूल के 57 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे, जबकि इंटर में 605 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। प्रधानाचार्य देवी शंकर वर्मा ने बताया कि नकलविहीन परीक्षा कराई जा रही है।
सरेनी प्रतिनिधि के मुताबिक लाल बहादुर शास्त्री शहीद इंटर कॉलेज में केंद्र व्यवस्थापक राकेश कुमार दीक्षित ने बताया कि पहली पाली में 12 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली में स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज, रायपुर दुधवन में 61, गोविंद सिंह इंटर कॉलेज, रौतापुर में 18, जनता विद्यालय इंटर कॉलेज, पूरे पांडे में तीन, मां गायत्री कन्या इंटर कॉलेज, लालपुर में 14, नर्वदेश्वर इंटर कॉलेज, रामबाग में 17 और श्री भगवती विद्यालय इंटर कॉलेज, मुरारमऊ में 25 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। शिवगढ़ प्रतिनिधि के मुताबिक जनता इंटर कॉलेज गूढ़ा में 10, बरखंडी विद्यापीठ में 11, कैरियर प्लस इंटर कॉलेज में 23 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।