रायबरेली। बीएड की शैक्षिक सत्र 2022-24 की संयुक्त प्रवेश परीक्षा 6 जुलाई को दो पालियों में कराई जाएगी। इसके लिए जिले में 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 7400 अभ्यर्थियों को आवंटित किया गया है। हर सेंटर पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जबकि नौ सेक्टर मजिस्ट्रेट भी भ्रमण करेंगे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। सभी केंद्रों पर सुरक्षा बल मुस्तैद रहेगा।
सोमवार को जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने बचत भवन सभागार में बीएड प्रवेश परीक्षा की तैयारियों के संबंध में सभी सेंटर के केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि बीएड शैक्षिक सत्र 2022-24 की संयुक्त प्रवेश परीक्षा 18 केंद्रों पर 6 जुलाई को दो पालियों में होगी। कोरोना गाइड लाइन को दृष्टिगत रखते हुए परीक्षा को निर्विघ्न, नकलविहीन, शांतिपूर्वक ढंग से कराने की सभी तैयारियां पूरी कर लें। सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त करा ली जाएं।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार ने बताया कि परीक्षा को देखते हुए निषेधाज्ञा अंतर्गत धारा 144 प्रभावी है। परीक्षा के दिन कोई भी अभ्यर्थी या स्टाफ इलेक्ट्रॉनिक्स गैजेट्स, मोबाइल, लैपटॉप, कॉपी-किताब, खाद्य सामग्री आदि नहीं ले जा सकेगा। क्लॉक रूम में अभ्यर्थियों का सामान रखवाया जाएगा, जिसके लिए टोकन की व्यवस्था रहेगी। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा आदि उपस्थित रहे।