डीह (रायबरेली)। राजकीय कृषि बीज भंडार से धान का बीज खरीद कर नर्सरी डालने वाले दर्जनों किसानों को झटका लगा है।
25 किसानों ने शिकायत दर्ज कराई है कि धान का बीज ठीक न होने के कारण नर्सरी तैयार नहीं हो पा रही है। किसानों ने मुआवजा दिलाने की मांग की है।
क्षेत्र के 96 किसानों ने धान की नर्सरी डालने के लिए राजकीय बीज भंडार डीह से धान का बीज खरीदा था। धान की नर्सरी डाली तो बीज पूर्ण रूप से नहीं अंकुरित हुए।
किसान त्रिमोहन सिंह, विक्रमाजीत सिंह, रतीपाल, छोटेलाल, राघवेंद्र, बब्लू दीवेदी सहित अन्य किसानों ने इसकी शिकायत केंद्र प्रभारी शशांक सिंह से की।
किसानों ने बताया कि बीज पूर्ण रूप से अंकुरित न होने के दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र प्रभारी शशांक सिंह ने बताया कि करीब 96 किसानों को इस प्रजाति का बीज दिया गया था, जिसमें अब तक 25 किसानों ने शिकायत दर्ज कराई है। मौके पर जाकर देखा गया तो शिकायत सही मिली है। इसकी सूचना विभाग के अधिकारियों को दी गई है।