चुनावी दौर के बाद परीक्षाओं का सिलसिला तेज हो गया। सोमवार से विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रारंभ होगी। इसमें स्नातक और परास्नातक में 35 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसको लेकर महाविद्यालयों में तैयारी पूरी कर ली गई है। वहीं नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए उड़न दस्ता भी बना दिया गया है।
जिले में कानपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध 64 महाविद्यालय हैं। इनमें स्नातक और परास्नातक की परीक्षा एक साथ छह मार्च से प्रारंभ होगी। बीए, बीएससी, बीकॉम प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष, जबकि एमए प्रथम वर्ष और द्वितीय वर्ष के 35 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे।
इसमें एफजी कॉलेज, इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय, स्वामी सत्यमित्रानंद महाविद्यालय, पं. रामेश्वर प्रसाद वाजपेयी महाविद्यालय मुंशीगंज, दयानंद पीजी कॉलेज, पंचशील महाविद्यालय, सर्वोदय विद्यापीठ महाविद्यालय, बैसवारा पीजी कॉलेज, डॉ. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय आदि शामिल हैं।
परीक्षा तीन पॉली में होगी। इसमें सुबह सात से 10, पूर्वाह्न 11 से दोपहर दो बजे और अपराह्न तीन से शाम छह बजे तक परीक्षा होगी। एफजी कॉलेज में पहली पाली में 687, दूसरी में 524 और तीसरी पाली में 559 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
पंचशील पीजी कॉलेज के परीक्षा प्रभारी श्रीकांत पांडेय ने बताया कि पहली पाली में 339, दूसरी में 121 और तीसरी पाली में 91 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सर्वोदय विद्यापीठ पीजी कॉलेज सलोन के केंद्राध्यक्ष प्रो. जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कॉलेज में 2100 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे।
विश्वविद्यालय की परीक्षा को नकल विहीन कराने की जिम्मेदारी कॉलेज के केंद्राध्यक्षों को सौंपी गई। इसमें कॉलेज स्तर पर फ्लाइंग स्क्वायड बनाकर निरीक्षण किया जाएगा। वहीं विश्वविद्यालय की गठित फ्लाइंग स्क्वायड भी परीक्षा के दौरान केंद्रों का निरीक्षण किसी भी कार्य दिवस कर सकती है।