जगतपुर (रायबरेली)। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीबीओ) डॉ.केबी सिंह ने शुक्रवार को पूरे बरेथ मजरे सुदामापुर स्थित गोशाला का जायजा लिया।
इस दौरान गंदगी मिलने पर उन्होंने कर्मियों को फटकार लगाई। गोवंशों को चारा मिल पा रहा है या नहीं, इस बारे में भी जानकारी ली। गोशाला में तैनात कर्मियों ने वेतन न मिलने का रोना रोया। सीबीओ ने जल्द वेतन दिलाए जाने की बात कही।
अमर उजाला ने नौ जून के अंक में उधार लिया गया भूसा खत्म, तड़प रहे बेजुबान शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। पूरे बरेथ मजरे सुदामापुर स्थित गोशाला में बदइंतजामी को उजागर किया था।
खबर छपने के बाद सीबीओ ने गोशाला का जायजा लिया। सीबीओ ने गंदगी मिलने पर तैनात संविदा स्टाफ को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान गोशाला में 216 गोवंश संरक्षित पाए गए, जो क्षमता से अधिक रहे। गोशाला में गोवंशों को संरक्षित करने की क्षमता 160 है। डॉ. एजाज अहमद ने बताया कि गोशाला में पशुओं को चारा व पानी की प्रबंध किया गया है, जिससे कोई समस्या नहीं है।
गोशाला में तैनात संविदा स्टाफ नोखेलाल, संगमलाल, छत्रपाल, भरतलाल ने बताया कि अक्तूबर माह से वेतन न मिलने से रोजी-रोटी पर संकट आ गया है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जल्द वेतन दिलाया जाएगा।