शहर के रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्री।
रायबरेली। कानपुर में गंगा पुल पर रेलवे ट्रैक के रखरखाव के लिए 20 मार्च से शुरू हुआ काम समय से पहले पूरा कर लिया जाएगा। पहले यह काम 30 अप्रैल तक पूरा होना था, जिससे कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित कर दिया गया था। अब यह काम 28 अप्रैल तक पूरा हो जाएगा, जिससे प्रभावित ट्रेनें दो दिन पहले ही बहाल कर दी जाएंगी।
प्रतापगढ़ और कानपुर के बीच दौड़ने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस 20 मार्च से 30 अप्रैल तक के लिए रद्द की गई थी, लेकिन दो दिन बाद यह ट्रेन गंगा पुल से पहले तक चलाई जाने लगी। अब यह ट्रेन पहले की तरह 29 अप्रैल से कानपुर तक दौड़ेगी।
प्रयागराज और कानपुर अनवरगंज के बीच चलने वाली अप-डाउन पैसेंजर ट्रेन, रायबरेली और कानपुर के बीच चलने वाले अप-डाउन पैसेंजर ट्रेन 20 मार्च से निरस्त चल रही थी, जिन्हें 30 अप्रैल के बाद पटरी पर लौटना था। काम समय से पहले पूरा होने के कारण ये ट्रेनें भी 29 अप्रैल से पटरी पर लौटने लगेंगी और यात्रियों को सुविधा मिल सकेगी।
कानपुर और प्रयागराज के बीच दौड़ने वाली अप-डाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस, चंडीगढ़ और प्रयागराज के बीच दौड़ने वाली अप-डाउन ऊंचाहार एक्सप्रेस, पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस, प्रतापगढ़-मुंबई उद्योग नगरी एक्सप्रेस को बदले हुए मार्ग से चलाया जा रहा था, जिससे ये ट्रेनें रायबरेली जिले से होकर नहीं गुजर रही थीं। इन ट्रेनों का संचालन 29 अप्रैल से पहले की तरह होने लगेगा और जिले से गुजरने लगेंगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि कानपुर के गंगा पुल पर ट्रैक का काम समय से पहले पूरा होगा, जिससे प्रभावित ट्रेनें भी समय से पहले बहाल हो जाएंगी।