रायबरेली। डीएम व उपाध्यक्ष माला श्रीवास्तव ने मंगलवार को आरडीए सभागार में प्रवर्तन कार्य में लगे अवर अभियंताओं के कामों की समीक्षा की।
प्रापर्टी डीलरों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश के बावजूद महज आठ प्रापर्टी डीलरों को नोटिस जारी कर खानापूरी करने पर नाराजगी जताई।
शहर में चालान होने के बाद भी अवैध निर्माण रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। इस पर डीएम ने अवर अभियंताओं को फटकार लगाकर तत्काल काम बंद कराने का आदेश दिया।
डीएम ने मंगलवार को रायबरेली विकास प्राधिकरण के सभागार में पीएम आवास, प्रवर्तन आदि के संबंध में बैठक की। डीएम ने अधिकारी व एरिया वाइज कर्मचारियों से अवैध निर्माणकार्यों, सीलिंग व ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जानकारी ली।
कर्मचारियों के सही जानकारी न देने व कार्यों में शिथिलता और लापरवाही बरतने पर कड़ी फटकार लगाई। डीएम ने कहा कि बिना नक्शा स्वीकृत कराए निर्माणकार्य न किया जाए।
कई स्थानों पर भवन व मॉल के भवन बनाए गए हैं। पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
डीएम ने कहा कि जिन निर्माणों का चालान किया और उनमें काम बंद नहीं कराया गया, उन कार्यों की सीलिंग की प्रक्रिया शुरू की जाए। यदि भवन बनकर तैयार हो गए, तो इसके लिए संबंधित अवर अभियंता दोषी होगा और उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट व सचिव पल्लवी मिश्रा, सहायक अभियंता मो. अहमद व राजीव गौतम आदि मौजूद रहे।