गदागंज। थाना पुलिस ने मिट्टी खनन में ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज किया है। इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। गदागंज थाना क्षेत्र के बबुरिहा गांव के निकट मिट्टी खनन चल रहा था।
ग्रामीणों ने इसकी शिकायत पहले हल्का सिपाहियों से की, लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। मामले की शिकायत डायल-112 से की गई।
मौके पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने खनन में लिप्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया, जबकि जेसीबी और चार ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके से भाग निकली।
ग्रामीण रामनेवाज, बंशलाल, माताबदल ने बताया कि क्षेत्र के पूरे सूबेदार, गोविंदपुर माधव, बहादुरगंज, सेलरहा, उधनपुर, बराराबुजुर्ग, पूरे लाऊ, मटियारा, पूरे कुम्हारन, बनपुरवा, दीनशाह गौरा आदि गांवों में शाम होते ही हल्का सिपाहियों की मिलीभगत से मिट्टी खनन शुरू हो जाता है।
शिकायत होने पर कोई अधिकारी पहुंचता है तो उन्हें खनन में लिप्त लोगों को भगा दिया जाता है। इस वजह से कार्रवाई नहीं हो पाती। थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि एक मिट्टी खनन में ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया है। यदि किसी सिपाही की इसमें संलिप्तता पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।