रायबरेली। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक डॉ. आलोक रंजन ने गुरुवार को बछरावां सीएचसी का निरीक्षण किया तो 11 कर्मचारी गैरहाजिर मिले। कई कर्मचारियों के हस्ताक्षर तो रजिस्टर में मिले लेकिन वे अस्पताल में नहीं मिले।
अस्पताल में अपर निदेशक को अन्य तमाम कमियां मिलीं। उन्होंने अधीक्षक को जमकर फटकार लगाई। बाद में सीएमओ कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक करके प्रगति की समीक्षा की। साथ ही सीएमओ को बछरावां में गैरहाजिर मिले कर्मचारियों का वेतन रोकते हुए जवाब देने के आदेश दिए।
गुरुवार को अपर निदेशक के साथ मंडलीय प्रबंधक राजाराम यादव भी बछरावां सीएचसी में मनमानी देखने के बाद सीएमओ कार्यालय पहुंचे। यहां सीएमओ डॉ. बीरेंद्र सिंह ने कोरोना नियंत्रण के संबंध में जानकारी ली।
साथ ही निर्देश दिए कि कोरोना के गंभीर मरीजों को लखनऊ रेफर करने से पहले डीएम के स्तर से लखनऊ से बात कर लें, जिससे मरीजों को भर्ती कराने में समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कोरोना जांच और टीकाकरण का काम तेजी से कराया जाए। बैठक में एसीएमओ डॉ. दिलीप कुमार, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।