हरचंदपुर पुलिस की मनमानी के खिलाफ ग्रामीणों ने शुक्रवार को एसपी दफ्तर को घेर लिया और जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने पुलिस पर चोर और लुटेरों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। कहा कि भूतपूर्व सैनिक के घर हुई चोरी में शामिल लोगों को पुलिस ने पकड़ कर थाने से छोड़ दिया। सभी ने मामले की जांच किसी अन्य थाने की पुलिस या अफसर से कराने की मांग की।
पूरे दृगपाल सिंह मजरे पड़ेेरा गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने पुलिस कप्तान के आफिस का घेराव कर पुलिस के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। राम कुमार, पधारे, सूर्यभान, रमेश कुमार, अजीत, सूरजदीन, शंभूनाथ आदि ने बताया कि बीती सात अक्तूबर को गांव के ही रिटायर्ड सैनिक रामबहादुर के घर लाखों रुपये की चोरी हुई थी। बाद में ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
यही नहीं पुलिस ने चोर के अन्य साथियों को पकड़ लिया था। दो दिन बाद पुलिस ने आरोपियों को बिना किसी कार्रवाई के ही लेन-देन कर छोड़ दिया। ग्रामीणों ने एसपी से आरोपी को छोड़ने वाले पुलिस कर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की। एसपी ने मामले में जांच कराने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया है।