राही (रायबरेली)। भदोखर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तांगे की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। साइकिल सवार किसान सम्मान निधि पाने के लिए केवाईसी कराने मुंशीगंज गया था। यहां से वापस लौटते समय हादसा हो गया। किसान की मौत की खबर मिलने पर घर वालों में रोना-पिटना मच गया।
चकबल्लीहार गांव निवासी फल्लू (58) किसान सम्मान निधि पाने के लिए केवाईसी कराने मुंशीगंज आया था। यहां से काम होने के बाद वह साइकिल से घर जा रहा था।
जमालपुर गांव के पास पीछे से आ रहे तांगे की चपेट में आ गया। आसपास के लोगों की सूचना पर भदोखर थाने के एसआई मालिकराम टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। एसओ यशकांत सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।