ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के सवैया हसन गांव के पास शनिवार शाम तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार श्रमिक की मौत हो गई। श्रमिक एनटीपीसी में काम करता था। काम करने के बाद घर जा रहा था। मौत की सूचना मिलने पर परिवारीजनों में रोना-पिटना मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के रेवहारा गांव निवासी मोहित कुमार तिवारी (32) एनटीपीसी में मजदूरी करता था। शनिवार देर शाम छुट्टी होने के बाद कुछ समय के लिए आवासीय परिसर में कमरे पर रुक गया। इसके बाद अपनी बाइक से घर के लिए निकल पड़ा।
जैसे ही सवैया हसन गांव के पास पहुंचा, तभी अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से युवक को सीएचसी ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. एमके शर्मा ने बताया कि मार्ग दुर्घटना में घायल युवक सीएचसी पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुका था। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि परिवारीजनों को सूचना दी गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।