रायबरेली में सलोन क्षेत्र में युवक की मौत के बाद गमगीन परिवारीजन।
सलोन (रायबरेली)। सलोन क्षेत्र में शुक्रवार सुबह शीशम के पेड़ की डाल गिरने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उनका साथी घायल हो गया। हादसे की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
सलोन क्षेत्र के सूबेदार का पुरवा निवासी विनोद कुमार (34) अपने दोस्त जितेंद्र कुमार (32) के साथ सुबह करीब नौ बजे घर से करहिया बाजार की तरफ जा रहे थे। कालू जलालपुर चौराहे के पास तेज हवा चलने के कारण रास्ते में लगे शीशम के पेड़ की डाल टूटकर बाइक सवार युवक के ऊपर गिर पड़ी। हादसे में दोनों युवक जमीन पर गिर पड़े। विनोद कुमार की मौके पर मौत हो गई, जबकि जितेंद्र कुमार को गंभीर चोटें आईं।
जितेंद्र को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विनोद बाइक चला रहे थे और उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। विनोद की 12 वर्ष पहले शादी हुई थी। दो बेटियां अंशिका (10), शिखा (8) और छह वर्षीय बेटा है। कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह ने बताया कि हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई है। पेड़ की डाल गिरने से घटना हुई है।