रायबरेली। जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने बेहद गंभीरता से लिया है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक की सुस्ती और लापरवाही के चलते परचा काउंटर पर आए दिन हंगामा और मरीजों को परेशानी हो रही थी।
अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में परचा काउंटर पर किया हंगामा शीर्षक से इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेते हुए डीएम के निर्देश पर सीएमओ डॉ. नवीन चंद्रा मंगलवार को जिला अस्पताल पहुंचे और औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमओ ने परचा काउंटर पर क्षमता से अधिक मरीजों की भीड़ और अव्यवस्था को देखकर नाराजगी जताई।
मरीजों की दिक्कतें कम करने के लिए सीएमओ ने टीबी क्लीनिक के पास खाली पड़ी जमीन का निरीक्षण किया और वहां नया परचा काउंटर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवर अभियंता (जेई) को जल्द से जल्द इसका प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा है।
सीएमओ ने कहा कि जिला अस्पताल में परचा बनवाने के लिए मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। इसे देखते हुए टीबी क्लीनिक के पास नया परचा काउंटर बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।