रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र में जुआ खेलने को लेकर हुए झगड़े में कुछ लोगों ने न सिर्फ एक युवक की जमकर पिटाई की, बल्कि बाइक, मोबाइल और रुपया छीन ले गए। इतना ही नहीं गांव से पीटते हुए जिला मुख्यालय के मोहल्ला सोनिया नगर लाए और उसे तालाब में फेंक दिया। घर वालों का आरोप है कि युवक को मार डालने के बाद तालाब में फेंका गया। रविवार को तालाब में शव मिला तो सनसनी फैल गई। एसपी एन. कोलांची और सीओ सिटी सत्यपाल सिंह ने मौके पर पहुंच कर पड़ताल की।
सोनिया नगर मोहल्ला स्थित एक तालाब में रविवार को इलाकाई लोगों ने युवक का शव उतराता देखा। शव पूरी तरह से सड़ चुका था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। मरने वाले की शिनाख्त भदोखर थाना क्षेत्र के मिश्रन का पुरवा मजरे सुलखियापुर गांव निवासी आनंद कुमार मिश्र (30) के रूप में हुई। युवक की मौत की सूचना पर उसके घर वाले भी घटनास्थल पर पहुंचे। मृत आनंद के बड़े भाई रमाकांत ने बताया कि बीती 22 अक्तूबर को गांव के पास जुआ खेला जा रहा था। इसमे आनंद भी शामिल था। उसका आरोप है कि यहीं पर गांव के ही अरविंद, राममिलन और गचान ने मिलकर उसे जमकर पीटा। इससे डरकर आनंद बाइक से शहर की ओर भागा। हमलावरों ने उसका पीछा किया और यहां फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज चौराहे पर पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की। यही नहीं मोबाइल, नकदी और बाइक छीन ली। घर वालों का आरोप है कि इसके बाद आनंद को सोनिया नगर मोहल्ला स्थित तालाब में ले जाकर फेंक दिया।