रायबरेली। सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की देर शाम एक सराफा दुकान पर बाइक सवार बदमाशों ने धावा बोल दिया। लूटपाट का विरोध करने पर सराफा व्यवसायी पर ताबड़तोड़ फायर झोंक दिया। इसमें उसे तीन गोली लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। बचाने दौड़े सेल्समैन को भी बदमाशों ने नहीं बख्शा और उसके पैर में गोली मार दी। इससे वह भी घायल हो गया। फायरिंग की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इससे पहले कि लोग पहुंचते हमलावर भाग गए। सर्राफ की हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है, जबकि सेल्समैन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात की सूचना पर एसपी, एएसपी ने पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की पड़ताल की।
शहर के दाउद नगर दीपक पटेल (20) पुत्र रामसागर पटेल की अहियारायपुर में सराफा की दुकान है। देर शाम दीपक दुकान पर बैठा था। इसी बीच तीन बाइक पर सवार छह बदमाश पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाश लूटपाट करने लगे, जिसका दीपक ने विरोध किया। इस पर असलहों से लैस बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दीपक को तीन गोली लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। एक गोली सीने, दूसरी हाथ और तीसरी पेट में लगी। यह देख सोने-चांदी का सेल्समैन नासिर (35) पुत्र हसनैन निवासी शेखवाड़ा किला बाजार सदर कोतवाली बचाने दौड़ा। इस पर बदमाशों ने नासिर के पैर में गोली मार दी। आसपास के लोग पहुंचे तो बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां सर्राफ दीपक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। मौके पर पहुंचे एसपी और एएसपी ने घटना की बाबत परिवारीजनों और आसपास के नागरिकों से पूछताछ की। रिपोर्ट अभी दर्ज नहीं हुई है। कोतवाल ओपी यादव का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।