शिवगढ़ (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में सोमवार की रात चोरों ने एक शिक्षक के घर से नकदी, जेवर समेत 10 लाख रुपये का माल पार कर दिया। पीछे की दीवार में सेंध लगाकर चोर घर के अंदर घुसे और चोरी की घटना को अंजाम दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों और परिवारीजनों में हड़कंप मच गया। शिक्षक की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिवगढ़ के शिवली गांव निवासी वीरेंद्र सिंह बरखंडी विद्यापीठ इंटर कॉलेज में शिक्षक पद पर तैनात हैं। रात में उनके घर के पीछे की दीवार में चोरों ने सेंध लगाकर चोरी की। चोरों ने 30 हजार रुपये की नकदी, 30 किलो मेंथा आयल, 10 तोले सोने के जेवर, दो किलो चांदी समेत अन्य सामान पार कर दिया। सुबह शिक्षक की नींद खुली तो घर का सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। यह देख सभी दंग रह गए। चोरी की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और पड़ताल की। एसओ बकरीदन अली का कहना है कि शिक्षक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।