राही (रायबरेली) भदोखर थाना क्षेत्र में बुधवार की रात एक दुकानदार की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई और शव पर तेजाब डाल दिया गया, जिससे शरीर के कई अंग जल गए। घटना को उस समय अंजाम दिया गया, जब दुकानदार दुकान पर सोने के लिए घर से पैदल जा रहा था। दुकान पर न पहुंचने पर बेटे ने उसकी खोजबीन की तो सड़क किनारे शव पड़ा पाया गया। हत्या और सड़क हादसे को लेकर पुलिस और परिवारीजनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। एसओ रामराघव सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का ही लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही तस्वीर साफ होगी। उन्होंने शव पर तेजाब डालने से भी इन्कार किया। उधर, परिवारजन हत्या और तेजाब डालने की बात कह रहे हैं। भदोखर थाना क्षेत्र के इकछनिया गांव निवासी भग्गू (65) गांव के बाहर कुछ दूर पर गुमटी रखकर परचून की दुकान चलाते थे। गुमटी के पास ही छप्पर रखा था, जहां रात में वह सोते थे। बुधवार को भग्गू का बेटा राजू दुकान पर पहुंचा और खुद दुकान पर रुक कर पिता को खाना खाने के लिए घर भेज दिया। भग्गू घर पहुंचा और खाना खाने के बाद रात करीब नौ बजे दुकान के लिए निकला। जब 10 बजे तक पिता दुकान पर नहीं पहुंचे तो बेटे ने परिवारीजनों को सूचना दी। घर वालों ने बताया कि वह घर से बहुत देर पहले चले गए। खोजबीन के दौरान करीब एक घंटे बाद भग्गू का शव इकछनिया और दुकान के बीच सड़क किनारे पाया गया। परिवारीजनों ने बताया कि उनके दोनों हाथों और सिर पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे। कई अंगों पर तेजाब डालकर जलाया गया। रात में पहुंची पुलिस ने यह कहते हुए शव को कब्जे में ले लिया कि बुजुर्ग की हत्या नहीं, बल्कि अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हुई है। इस पर परिवारीजन आक्रोशित हो गए। कहा कि भग्गू की हत्या की गई है। इस बात को लेकर पुलिस और मृतक के घर वालों में तीखी नोकझोंक भी हुई। अभी तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
इनसेट
चोटों के निशान के साथ शव जला पाया गया
पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों के मुताबिक मृतक के शरीर पर चोटों के कई निशान पाए गए हैं। कहीं से ऐसा नहीं लगता कि ये चोटें किसी वाहन दुर्घटना से आई हैं। कई अंगों को भी जला पाया गया है। ऐसा तेजाब डालने से हुआ या फिर किसी और वस्तु से जलाया गया। यह कहना मुश्किल है। पुलिस की जांच के ही सही स्थिति सामने आएगी।