रायबरेली। करीब साढ़े छह महीने से विद्यालय आवंटन की राह देख रहे 82 अध्यापकों का इंतजार अब खत्म हो जाएगा, 12 अक्तूबर को विद्यालय आवंटित किए जाएंगे। इसके लिए बीएसए दफ्तर के मीटिंग हॉल में काउंसिलिंग होगी और ऑनलाइन माध्यम से विद्यालय आवंटित किए जाएंगे। पहले महिलाओं और फिर पुरुषों को विकल्प चुनने का अवसर दिया जाएगा।
मार्च में पारस्परिक अंतरजनपदीय स्थानांतरण के तहत 82 शिक्षक गैरजनपदों से यहां आए थे जिन्हें बीएसए दफ्तर में ज्वाइन कराया गया था। विद्यालय आवंटन के संबंध में कोई दिशा-निर्देश न मिलने के कारण ये सभी अध्यापक इंतजार कर रहे हैं।
पिछले दिनों उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के सचिव प्रताप सिंह बघेल ने पारस्परिक अंतरजनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया के अंतर्गत स्थानांतरित एवं कार्यभार ग्रहण करने वाले अध्यापकों के विद्यालय आवंटन के संबंध में पत्र जारी किया जिस पर बीएसए ने विद्यालय आवंटन के लिए काउंसिलिंग कराने की रूपरेखा तैयार की। विद्यालय आवंटन की कार्यवाही वेबसाइट के माध्यम से होगी।
पारस्परिक अंतरजनपदीय स्थानांतरण के तहत इस जिले में आए 82 शिक्षकों में 42 महिलाएं और 40 पुरुष शामिल हैं। विद्यालय आवंटन की काउंसिलिंग के लिए 87 विद्यालयों के विकल्प दिए जाएंगे। पहले महिलाओं की काउंसिलिंग होगी और विद्यालय चुनने का मौका मिलेगा फिर पुरुषों को अवसर दिया जाएगा।
बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि पारस्परिक अंतरजनपदीय स्थानांतरण में आए 82 शिक्षकों को विद्यालय आवंटित करने की कार्यवाही 12 अक्तूबर को संपादित होगी। इसके लिए होने वाली काउंसिलिंग की जिम्मेदारी मुख्यालय, राही और नगर क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारियों को सौंपी गई है। सहयोग के लिए अविलय सिंह और राशिद हसन को भी लगाया गया है।