रायबरेली। बलिया से प्रयागराज से होते हुए गंगा यात्रा के जिले की सीमा पर पहुंचते ही गुरुवार को न सिर्फ गंगा मइया के उद्घोष गूंजने लगे, बल्कि गंगा यात्रा का स्वागत करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
क्या आम लोग, स्कूली बच्चे और क्या भाजपाई। ऊंचाहार क्षेत्र के अरखा से लेकर लालगंज कस्बे तक करीब 80 किमी के सफर में गंगा यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया।
गंगा यात्रा के साथ चल रहे डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने सभी का अभिवादन करके स्वागत किया। उन्होंने इस मौके पर लोगों से पतित पावनी गंगा नदी को साफ सुथरा बनाने का आह्वान भी किया।
ऊंचाहार प्रतिनिधि के मुताबिक बलिया से चलकर कानपुर जा रही गंगा यात्रा ऊंचाहार क्षेत्र के अरखा पहुंची। करीब सवा तीन घंटे विलंब से पहुंची इस यात्रा का नेतृत्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा कर रहे थे।
यात्रा को रायबरेली की सीमा में 1:15 बजे प्रवेश करना था, लेकिन यात्रा का रथ रायबरेली की सीमा में 4:15 मिनट पर पहुंचा। दोनों जनपद की सीमा पर राज्यमंत्री सुरेश पासी, एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह, सलोन विधायक दल बहादुर कोरी, शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी, जिलाध्यक्ष रामदेव पाल, भाजपा पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष अभिलाष कौशल व अतुल सिंह ने स्वागत किया।
सीमा पर करीब मात्र पांच मिनट के स्वागत के बाद यात्रा आगे के लिए रवाना हो गई। डॉ. अंबेडकर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर रुदल यादव के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं के अलावा शिक्षकों ने गंगा यात्रा का स्वागत किया।
छात्र-छात्राओं ने गंगा मइया के जयकारे लगाए। जगतपुर प्रतिनिधि के मुताबिक कस्बे के मुख्य चौराहे पर गंगा यात्रा का आम लोगों के साथ ही भाजपाइयों ने स्वागत किया। लोगों में उत्साह देखने को मिला।
उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा का गौरा ब्लॉक प्रमुख मीना पांडेय व डॉ अनुराग पांडेय ने पुष्पहार देकर स्वागत किया। इस मौके पर अंबिका चौधरी, सत्यदेव, विनायक प्रताप सिंह, अरुण प्रताप सिंह, रामदत्त पांडेय मौजूद रहे।
जिला मुख्यालय पहुंचने पर गंगा यात्रा का जेल रोड पर भाजपा नेता पुष्पेंद्र सिंह, अखिल तिवारी, सुमित त्रिपाठी आदि ने स्वागत किया। लालगंज में गंगा यात्रा कार्यक्रम के दौरान जिला उद्यान विभाग की तरफ से पौधे रोपित कराए गए।
पर्यावरण को हरा भरा करने का संकल्प लिया गया। जिला उद्यान अधिकारी राजश्री ने बताया कि बैसवारा डिग्री कॉलेज में पौधे रोपित कराए गए, ताकि इस दौरान पर्यावरण को बेहतर बनाने का संकल्प लिया जा सके।
खीरों क्षेत्र के त्रिवेणी काशी महाविद्यालय सेमरी के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने गुरुवार को रैली निकाली गई। यह रैली गंगा निर्मलता एवं जल संरक्षण अभियान के तहत निकाली गई।
विद्यालय के संचालक शिवेश प्रताप सिंह ने बताया कि रैली विद्यालय से जगन्नाथगंज, सेमरी चौराहा आदि स्थलों पर घूमती हुई वापस विद्यालय पहुंची, जहां शिक्षकों ने छात्रों को गंगा निर्मलता और गंगा की उपयोगिता।
जल संरक्षण के बारे में विस्तार से बताया। रैली में शिक्षक राम किशोर शुक्ला, धर्मेद्र सिंह, अमर बहादुर सिंह, दिव्या वाजपेयी, नेहा, अंजली यादव, आकांक्षा आदि मौजूद रहे।