रायबरेली। कुंभ मेले में जाने वालों की राह आसान बनाने के लिए जिला प्रशासन और एनएचएआई अफसरों ने तेजी दिखानी शुरू कर दी है।
लखनऊ-इलाहाबाद हाईवे पर ऊंचाहार में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए रूट डायवर्जन को हरी झंडी दे दी गई है।
इलाहाबाद जाने वाले वाहनों को अब जगतपुर, ऊंचाहार की बजाए सलोन होकर निकाला जाएगा। यह डायवर्जन रात 11 बजे से सुबह चार बजे तक रहेगा। दिन में आवागमन सामान्य रहेगा।
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में 19 सितंबर को हुई बैठक में उन्होंने ऊंचाहार में बन रहे ओवरब्रिज के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए थे।
जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने रविवार को लोक निर्माण, एनएचएआई के अफसरों के साथ के बैठक कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे, लेकिन ट्रैफिक के दबाव के चलते काम में रफ्तार नहीं आ रही थी।
इसी को देखते हुए रूट डायवर्जन कर दिया है। एनएचएआई के उप महाप्रबंधक (तकनीकी) बीपी पाठक ने बताया कि ओवरब्रिज का खंभों को निर्माण चुका है।
उसके ऊपर लोहे के गार्डर रखे जाने हैं। गार्डर चढ़ाने का काम 22 अक्तूबर से शुरू होगा। पुल के ऊपर 56 गार्डर लगाए जाने हैं। दिन में यातायात सामान्य रहेगा। डीएम संजय कुमार खत्री ने कहा है कि अग्रिम आदेशों तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा।