रायबरेली। हरचंदपुर में मेंटेनेंस वर्क के लिए रविवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक दो घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया, जिससे रायबरेली-लखनऊ रेल खंड पर दौड़ रही पैसेंजर ट्रेन को रोक कर चलाया गया।
हरचंदपुर में 30 किमी रफ्तार का कॉशन लगा होने से भी ट्रेनें धीमी गति से चलाई गईं। इससे पंजाब मेल ने बछरावां से रायबरेली के बीच तय समय से ज्यादा वक्त लिया।
वाराणसी से लखनऊ जा रही गाड़ी संख्या 54255 पैसेंजर ट्रेन को पहले रायबरेली में करीब 25 मिनट तक रोके रखा गया, फिर गंगागंज में लगभग पौने दो घंटे गाड़ी रोके रखी गई।
ट्रैफिक ब्लॉक खत्म होने और दूसरी गाड़ियों को पास कराने के बाद पैसेंजर ट्रेन हरचंदपुर से 3.43 बजे गुजरी। इसी तरह लखनऊ से वाराणसी जाने वाली गाड़ी संख्या 54256 पैसेंजर ट्रेन को कुंदनगंज में 14 मिनट, हरचंदपुर में 39 मिनट, गंगागंज में 18 मिनट रोक कर आगे के स्टेशन के लिए रवाना किया गया।
यह गाड़ी छह घंटे की देरी से रायबरेली पहुंची। हावड़ा से अमृतसर के बीच दौड़ने वाली गाड़ी संख्या 13005-अप और 13006-डाउन पंजाब मेल ने रायबरेली से बछरावां के बीच की दूरी आधे घंटे के बजाए सवा घंटे में तय की।
इसी तरह अन्य गाड़ियां भी प्रभावित रहीं। हरचंदपुर स्टेशन का स्टाफ ट्रैफिक ब्लॉक या ट्रेनों के संचालन के संबंध में कुछ भी बोलने से इंकार कर रहा है।
रायबरेली के स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार का कहना है कि हरचंदपुर में दो घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिए जाने कुछ मालगाड़ियां प्रभावित रहीं।