फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

506 नए शिक्षकों ने बीएसए दफ्तर में किया जॉइन

विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में बतौर सहायक अध्यापक नियुक्ति पाने वाले नए शिक्षकों की जॉइनिंग शुरू हो गई है। अभी नए शिक्षकों को विद्यालय आवंटन नहीं किया गया है, जिससे सभी को बीएसए दफ्तर में जॉइन कराया गया। इन सभी की उपस्थिति भी यहीं पर दर्ज होगी। शुक्रवार को 562 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिले थे। अगले ही दिन शनिवार को जॉइनिंग के लिए बीएसए कार्यालय में मेला लग गया। देर शाम तक 506 शिक्षकों ने निर्धारित प्रारूप के साथ मांगे गए दस्तावेजों के साथ जॉइनिंग की और रजिस्टर पर हस्ताक्षर किए। जॉइनिंग करने वालों में 216 महिलाएं एवं 290 पुरुष शामिल रहे। अभी 56 शिक्षकों ने जॉइन नहीं किया है।
विज्ञापन

शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत डायट में हुई दो दिवसीय काउंसिलिंग के बाद 562 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया था। इन सभी को एक सप्ताह के भीतर जॉइन करने के निर्देश दिए गए थे। विद्यालय आवंटन न होने की वजह से सभी नए शिक्षकों को बीएसए दफ्तर में जॉइन करने के लिए कहा गया था। इसीलिए सुबह से ही शिक्षकों का जमावड़ा लग गया। बीएसए दफ्तर के गेट पर ही दो काउंटर बना दिए गए, जिससे महिला एवं पुरुषों की अलग-अलग लाइन लगाकर जॉइनिंग कराई गई।
निर्धारित प्रारूप पर बीएसए की अनुमति मिलने के बाद नए शिक्षकों ने जॉइन किया। प्रारूप के साथ शिक्षकों ने चिकित्सकीय प्रमाणपत्र, नियुक्तिपत्र तथा परिचयपत्र की छायाप्रति भी जमा की। बीएसए दफ्तर में बनाई गई उपस्थिति पंजिका पर जॉइनिंग करने वाले नए शिक्षकों ने हस्ताक्षर कर हाजिरी दर्ज की।
विज्ञापन

दोनों काउंटरों पर व्यवस्था संभालने के लिए बीएसए आनंद प्रकाश शर्मा के साथ ही शुभ्रा त्रिपाठी, संजीव गुप्ता, अविलय सिंह, आशीष सिंह, सत्यम वर्मा, राशिद आदि उपस्थित रहे।
बीएसए आनंद प्रकाश शर्मा ने बताया कि नियुक्ति पत्र पाने वाले 562 चयनित अभ्यर्थियों को जॉइन करने के लिए सात दिन का समय दिया गया है। अब तक 506 लोगों ने जॉइन कर लिया है। बाकी लोग भी हफ्तेभर के भीतर जॉइन कर लेंगे। विद्यालय आवंटन होने तक सभी की उपस्थिति बीएसए दफ्तर में लगेगी।
चयनित अभ्यर्थियों में 97 शिक्षामित्र
शिक्षक भर्ती के तहत 97 शिक्षामित्रों को भी सहायक अध्यापक बनने का मौका मिल गया है। विभागीय सूत्र बताते हैं कि जिन चयनित अभ्यर्थियों को सहायक अध्यापक के तौर पर नियुक्ति पत्र मिले हैं, उनमें 97 शिक्षामित्र भी शामिल हैं। इन शिक्षामित्रों में ज्यादातर इसी जिले में तैनात हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें