रायबरेली। जिले के हाई-वे से सफर करने वाले मुसाफिर अब खुद को सुरक्षा को लेकर असहज महसूस नहीं करेंगे। अब न सिर्फ हाईवे का सुरक्षा कवच मजबूत होगा, बल्कि शिकायत पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंचेगी। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्गों की सुरक्षा पर पैनी नजर रखने के लिए पीआरवी वाहनों के रूट तय कर दिए गए हैं। कानून व्यवस्था बनाने, अपराध नियंत्रण करने और हाई-वे पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने के लिए जिले में संचालित पीआरवी वाहनों का नया रूट तैयार किया गया है।
इस व्यवस्था से हाई-वे पर होने वाले अपराध पर अंकुश लगेगा। साथ ही घटित अपराध की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंचकर उसकी मदद करेगी। साथ ही घटना को अंजाम देकर भाग रहे आरोपियों को पकड़ने में भी मदद मिलेगी। इस व्यवस्था के तहत जिले के सभी प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों पर 24 घंटे पीआरवी वाहन तैनात रहेगी।
इससे मुसाफिर सफर के दौरान सुरक्षा को लेकर घबराएंगे नहीं। जिले में पांच हाई-वे हैं। इस व्यवस्था में जिले में 338 किमी. हाईवे को 14 पीआरवी वाहनों की सुरक्षा कवच प्रदान करते हुए तैनाती की गई है। इस व्यवस्था से हाई-वे पर पड़ने वाले 52 बैंक, 28 पेट्रोलपंप, 26 स्कूल-कॉलेज, 63 मुख्य चौराहा-तिराहा पर पुलिस की मौजूदगी रहेगी। इससे अपराधियों पर शिकंजा भी कस सकेगा। एसपी श्लोक कुमार का कहना है कि हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए यह पहल की गई है।
ये पीआरवी वाहन जिले के हाई-वे पर होंगे संचालित
पीआरवी संख्या थाना कहां से कहां तक
पीआरवी 1749 बछरावां चुरुवा लखनऊ बार्डर से जोहवा मोड़ कुंदनगंज।
पीआरवी 1735 बछरावां रेलवे क्रासिंग लालगंज रोड से नियावां उन्नाव बार्डर।
पीआरवी 1753 हरचंदपुर कस्बा हरचंदपुर से दतौली मोड़ थाना बछरावां बार्डर।
पीआरवी 1752 हरचंदपुर कस्बा हरचंदपुर से डिडौली मोड़ सदर कोतवाली नगर।
पीआरवी 1732 सदर कोतवाली त्रिपुला चौराहा से सई नदी पुल तक थाना भदोखर
पीआरवी 1744 भदोखर दरियापुर चौराहा से एसजेेएस स्कूल।
पीआरवी 1739 ऊंचाहार सवैया तिराहा से सबीसपुर प्रतापगढ़ बार्डर।
पीआरवी 1733 मिल एरिया सारस तिराहा से सुल्तानपुर रोड डिघिया बाजार अमेठी बार्डर।
पीआरवी 1767 सदर कोतवाली एसबीआई कैनाल रोड से लालगंज बार्डर।
पीआरवी 1771 गदागंज ऊंचाहार बार्डर से डलमऊ बार्डर तक।
पीआरवी 1765 डलमऊ कस्बा डलमऊ से लालगंज बार्डर तक।
पीआरवी 1756 लालगंज चांदाटीकर से सैंबसी बार्डर तक
पीआरवी 1759 खीरों निहस्था से वाजपेयी पेट्रोलपंप उन्नाव बार्डर।
पीआरवी 1740 गुरुबख्शगंज दो सड़का पेट्रोलपंप से जरिया डिग्री कॉलेज।
पुलिस कर्मियों को मिली रिफलेक्टर जैकेट
एसपी ने बताया कि पीआरवी वाहनों में तैनात पुलिस कर्मियों की सुरक्षा का भी ख्याल रखा गया है। पीआरवी पर तैनात कमांडर और पायलट के रात्रि गश्त के लिए सुरक्षा की दृष्टि से रेडियम स्टीकर और 60 रिफलेक्टर जैकेट मुहैया कराई गई है।