गदागंज क्षेत्र में सड़क पर हुए गड्ढों में भरा पानी।
रायबरेली। जिले में बारिश से करीब 400 सड़कें गड्ढों में गुम हो गई हैं। इन सड़कों से प्रतिदिन आने-जाने वाले पांच लाख लोग हिचकोले खा रहे हैं। सबसे ज्यादा सड़कें ग्रामीण क्षेत्र की खस्ताहाल हैं। लोक निर्माण विभाग को इन सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए छह करोड़ रुपये की दरकार है। इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। बजट मिलने के बाद सड़कों को बदहाली दूर होगी।
जिले में करीब 1800 सड़कें हैं। बारिश में जलभराव के चलते हर साल सड़कें खस्ताहाल होती हैं। इस बार करीब 400 सड़कें ध्वस्त हुई है। इससे आने-जाने वाले मुसाफिरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सलोन-जगतपुर मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। डलमऊ-मुंशीगंज राजमार्ग पर मुराईबाग से चौदहमील तक जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इसी तरह राजघाट-कठगर मार्ग जगह-जगह ध्वस्त है।
गदागंज-अलावलपुर तिराहे से मुंशीगंज-रायबरेली को जोड़ने वाली सड़क ध्वस्त हो गई। मेल्खा साहब गांव पास सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील है। सलोन क्षेत्र में सुंदरगंज-सूची होते हुए पिछवारा चौराहे को जोड़ने वाली सड़क जगह-जगह बह गई है। इससे कभी बड़ा हादसा हो सकता है। बदहाल सड़कों की वजह से आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। विभाग को बजट मिलने का इंतजार है।
बारिश में खस्ताहाल हुई सड़कों की मरम्मत के लिए छह करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। बजट मिलने के बाद सड़कों को दुरुस्त कराया जाएगा।
- महिपाल सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी