रायबरेली। लक्ष्य मिलने के बाद जिले में 350 दैवी आपदा पीड़ितों व दिव्यांगजनों के मुख्यमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। जल्द ही पात्रों के खातों में पहली किस्त पहुंचने के बाद आवास निर्माण का काम शुरू होगा। इस साल जिले में 722 पात्रों को सीएम आवास योजना का लाभ देने का लक्ष्य मिला है। जिले के सभी बीडीओ को पात्रों का चयन करके प्रक्रिया पूरी कराने के आदेश दिए गए हैं, जिससे समय से आवासों के निर्माण का काम पूरा कराया जा सके।
जिले में अब तक करीब चार हजार पात्रों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ मिल चुका है। इस साल भी 722 पात्रों को योजना का लाभ देने का लक्ष्य मिला है। योजना के तहत सपेरा (सपेरिया), विमुक्त जाति और जोगी (अन्य पिछड़ा वर्ग), दैवी आपदा प्रभावित परिवारों के साथ ही दिव्यांगजनों, कुष्ठ रोगियों, निराश्रित महिलाओं, जेई-एईएस मरीजों, बंजारा व नट आदि को मुख्यमंत्री आवास का लाभ देना है। सभी श्रेणियों के लिए अलग-अलग लक्ष्य तय किया गया है।
डीआरडीए के परियोजना निदेशक मुनेश चंद्र ने बताया कि जिले को 722 मुख्यमंत्री आवासों का लक्ष्य मिला है। लक्ष्य के सापेक्ष 350 आवास स्वीकृत कर दिए गए हैं। जल्द ही लाभार्थियों के खातों में आवास की पहली किस्त जाएगी। शेष आवासों के पात्रों का चयन करके योजना का लाभ दिलाने के आदेश खंड विकास अधिकारियों को दिए गए हैं। समय से लक्ष्य के सापेक्ष मुख्यमंत्री आवासों के निर्माण का काम पूरा कराया जाएगा।